कांटाटोली अपार्टमेंट में पुलिस की छापेमारी, देशी पिस्टल के साथ अमरजीत सिंह गिरफ्तार
#रांची: राजधानी रांची में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। कांटाटोली स्थित वासुदेव नगर के रिबुलेन इनफ्लैक्स अपार्टमेंट के ई-ब्लॉक में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 103 में कुछ संदिग्ध युवक किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलने के बाद शहर के वरीय पुलिस उपाधीक्षक केवी रमण के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए फ्लैट में छापेमारी की। इस दौरान अमरजीत कुमार सिंह (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपरा का रहने वाला है और फिलहाल वासुदेव नगर स्थित अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक देशी पिस्टल और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 193/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले से दर्ज हैं तीन मामले
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अमरजीत कुमार सिंह के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं। इनमें नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 30/2022, हरिहरगंज थाना कांड संख्या 78/2022 और राजपुर थाना कांड संख्या 59/2025 शामिल हैं।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
छापेमारी दल का नेतृत्व वरीय पुलिस उपाधीक्षक केवी रमण ने किया। टीम में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, संतोष कुमार रजक, सुधीर बाड़ा, मनीष कुमार मंडल सहित पीसीआर-06 के पदाधिकारी और जवान तथा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
#Ranchi #RanchiPolice #BreakingNews #BigBreaking #Kantatoli #RanchiCrime #JharkhandNews #CrimeNews #PoliceAction #ArmsAct #DesiPistol #LowerBazarPolice #VasudevNagar #JharkhandPolice #LoktantraBharat #RanchiLatestNews #CrimeUpdate #RanchiBreakingNews