टीएफएलएस एसी नेक्सस ने महिलाओं को दिया सशक्त मंच, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटीं देशभर की प्रतिभाएं
नई दिल्ली Aonenews अरविन्द बक्शी महिलाओं के सामूहिक विकास, उद्यमशीलता और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देने के उद्देश्य से टीएफएलएस एसी नेक्सस (TFLS AC Nexus) का भव्य आयोजन नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के डिप्टी स्पीकर हॉल एनेक्सी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभर से 250 से अधिक प्रतिभागियों, महिला उद्यमियों, विशेषज्ञों, प्रदर्शकों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह से ही हुई, जहां दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे करीब 70 प्रदर्शकों ने अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया। पूरे दिन बड़ी संख्या में आगंतुकों, परिवारों और समुदाय के सदस्यों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
दोपहर के सत्र में कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के निदेशक प्रो. डॉ. राम सिंह के प्रेरणादायी संबोधन से हुई। कार्यक्रम का मुख्य विषय "आइसोलेशन से इकोसिस्टम तक" रहा, जिसके अंतर्गत महिलाओं के समग्र विकास, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और सहयोगात्मक नेटवर्क को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर आयोजित दो विशेष पैनल चर्चाओं में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रमुख वक्ताओं में हेमंत अरोड़ा एंड कंपनी एलएलपी के सीईओ पवित्र अरोड़ा, केंद्रीय रेशम बोर्ड की वैज्ञानिक डॉ. रुबिया बुखारी, सीबीआईसी की सहायक आयुक्त शीला चौधरी, टेप ए टेल की सह-संस्थापक कोपल खन्ना, इट्स माई ड्यूटी की संस्थापक एडवोकेट काजल सिंह, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ गौरव वत्स, शिक्षा एवं ट्रांसफॉर्मेशन कोच रचना कोडेसिया, सीओईआर यूनिवर्सिटी के डीन प्रो. डॉ. जे.एन. सिंह, प्रसिद्ध कवयित्री शशि प्रभा सक्सेना तथा सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, नोएडा की उप निदेशक डॉ. मेघा नागपाल शामिल रहे।
वक्ताओं ने महिला उद्यमियों के लिए मजबूत नेटवर्क, मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और सामूहिक विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए टीएफएलएस एसी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थापक एडवोकेट दीपा पंवार ने पिछले तीन वर्षों से एक छोटे से प्रयास को देशव्यापी महिला इकोसिस्टम में बदलने का सराहनीय कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित टीएफएलएस एसी ऐप का भी प्रदर्शन किया गया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म महिलाओं को नेटवर्किंग, संसाधनों और विकास के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि एवं राज्यसभा सांसद तथा राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेखा शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने महिलाओं से अपने सपनों को साकार करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कानूनी अधिकारों, आर्थिक आत्मनिर्भरता और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से अपने विचार रखे तथा उपस्थित महिलाओं के प्रश्नों के उत्तर दिए।
250 से अधिक प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न हुआ टीएफएलएस एसी नेक्सस महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि मजबूत नेटवर्क, तकनीक और सामूहिक सहयोग के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास को नई गति दी जा सकती है।