भगवान श्रीराम के आदर्शों अपनाकर समाज में बढ़ाएं सद्भाव : महापौर
दशहरा ग्राउंड में श्री रामलीला सभा के 123वें विजय दशमी महोत्सव में शामिल हुईं महापौर, सुख-शांति व समृद्धि की कामना
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और विधायक जगमोहन आनंद ने भी दी विजय दशमी की शुभकामनाएं
करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि विजय दशमी का पावन पर्व हमें सत्य, धर्म, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा का प्रतीक है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर हम समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने यह बात सेक्टर-4 स्थित दशहरा ग्राउंड में श्री रामलीला सभा की ओर से आयोजित 123वें विजय दशमी महोत्सव में सहभागिता के दौरान कही।
महापौर ने भगवान श्रीराम के चरणों में नमन करते हुए सभी करनालवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि विजय दशमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश भी देता है। यह पर्व हमें आत्ममंथन करने और अपने जीवन में सद्गुणों को अपनाने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलते हुए प्रत्येक व्यक्ति को समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक सोच को मजबूत करने में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सामूहिक रूप से मनाए जाने वाले पर्व समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और आपसी मेलजोल बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने विजय दशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग और मर्यादा का अनुपम उदाहरण है। विजय दशमी हमें अन्याय और बुराइयों के विरुद्ध खड़े होने तथा सदैव सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देती है। उन्होंने सभी से भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
विधायक जगमोहन आनंद ने भी उपस्थित श्रद्धालुओं को विजय दशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजय दशमी का पर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व चेयरपर्सन मेघा भंडारी, पार्षद सं