छात्रों के हितों को लेकर आजाद समाज पार्टी (काशीराम) ने सौंपा ज्ञापन, परीक्षा और भर्ती व्यवस्था की जांच की उठाई मांग
संतकबीरनगर। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के जिलाध्यक्ष राम अनुज (फौजी) के नेतृत्व में युवाओं और छात्रों के हितों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आई अनियमितताओं, पेपर लीक और छात्र आंदोलनों के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
पार्टी ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, NEET पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, संसद में पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा कराई जाए तथा आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेकर उनके खिलाफ की गई कार्रवाई समाप्त की जाए।
इसके साथ ही शिक्षा माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करने और जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर से जुड़े बुलडोजर कार्रवाई जैसे मामलों को रोकते हुए छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राम अनुज (फौजी) ने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।