बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विधायक योगेश धामा, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
बागपत में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच चमरावल-धोली प्याऊ मार्ग पर गौना गांव के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने और जलभराव की सूचना मिलते ही बागपत विधायक योगेश धामा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया, स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण चमरावल-धोली प्याऊ मार्ग पर अंबेडकर गेट के समीप सड़क टूट गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक योगेश धामा ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि धोली प्याऊ से मेरठ रोड तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें चमरावल तक का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि आगे का कार्य शेष है। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होते ही पूरे मार्ग का निर्माण मजबूत गुणवत्ता के साथ कराया जाएगा, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जलभराव वाले स्थानों पर पानी निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोपरि है और किसी भी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विधायक के तत्काल पहुंचने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने की सराहना करते हुए जल्द समस्या के समाधान की उम्मीद जताई।