न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का शुभारंभ,
बालिकाओं को मिला अधिकारों और सुरक्षा का पाठ
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 14 से 20 नवंबर 2026 तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का आयोजित किया जा रहा है। विधिक सेवा सप्ताह के प्रथम दिवस एवं बाल दिवस के अवसर पर शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आगर मालवा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री डी.एस. चौहान के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर के निर्देशन में इस शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर
जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने उपस्थित छात्राओं को उनके मौलिक अधिकारों, बाल अधिकारों एवं कानूनी संरक्षण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही ग्रामीण स्तर पर बच्चों एवं बालिकाओं को आने वाली विभिन्न समस्याओं, उनके समाधान तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी।
प्राधिकरण के सचिव श्री गुर्जर ने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, गलत गतिविधियों का विरोध करने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना डर के संबंधित अधिकारियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रश्नोत्तरी से हुआ संवाद,
छात्राओं ने खुलकर रखे प्रश्न
कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश श्री गुर्जर ने छात्राओं के साथ प्रश्नोत्तरी के माध्यम से संवाद किया। इस दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक एवं खुलकर अपने प्रश्न रखे, जिनका न्यायाधीश श्री गुर्जर ने सरल भाषा में संतोषजनक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस संवाद से छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला तथा उन्हें अपने अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक होने का अवसर प्राप्त हुआ।
बाल विवाह मुक्त समाज के लिए ली शपथ
कार्यक्रम में अहिंसा वेलफेयर सोसायटी द्वारा भी सक्रिय सहभागिता की गई। सोसायटी की ओर से उपस्थित छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए शपथ दिलाई गई। सभी छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगी तथा अपने परिवार, समाज एवं आसपास के क्षेत्र में बाल विवाह को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करेंगी।
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#agarmalwa
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Nov 14, 2026