गुप्त सूचना पर छापेमारी, 35 लीटर शराब और 4.68 लाख के साथ एक गिरफ्तार
मोहनिया पुलिस ने शुकुलपिपरा गांव में मारा छापा
कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के शुकुलपिपरा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध शराब कारोबार का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने एक घर से 35.200 लीटर देशी शराब और 4 लाख 68 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। मौके से पुलिस ने शुकुलपिपरा गांव निवासी राजेश पासी के पुत्र शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर से अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी की गई। बरामद शराब और नकदी को जब्त कर थाना लाया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही बरामद 4.68 लाख रुपये की भी जांच की जा रही है।
मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
Mohania, Kaimur | Jul 18, 2026