पंचकूला पुलिस ने स्कूली छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की दी जानकारी
किसी भी गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने और बिना संकोच पुलिस से सहायता लेने का दिया संदेश
पंचकूला :- छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास सुनिश्चित करना पंचकूला पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार आज पंचकूला के एमडीसी क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एमडीसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमारी ने छात्राओं को साइबर क्राइम, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क न करें और किसी के साथ अपनी निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें। ऑनलाइन उत्पीड़न, धमकी, अश्लील संदेश या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि का सामना होने पर उसे नजरअंदाज करने के बजाय पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने गुड टच-बैड टच और व्यक्तिगत सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष जोर देते हुए छात्राओं को समझाया कि उनके शरीर और व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान किया जाना जरूरी है। किसी भी व्यक्ति के गलत व्यवहार, अनुचित स्पर्श या असहज करने वाली गतिविधि पर चुप रहने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी स्थिति में बिना डर या संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस से सहायता लें। इसके साथ ही ऑनलाइन गेमिंग की लत और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी देते हुए छात्राओं को गलत संगति और नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि प्रत्येक बेटी को सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त करने, आगे बढ़ने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। पंचकूला पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को यह समझना जरूरी है कि किसी भी तरह का गलत व्यवहार सहन करना उनकी मजबूरी नहीं है। डर और चुप्पी के बजाय अपनी बात खुलकर रखना और समय पर सहायता लेना ही सही कदम है। पंचकूला पुलिस का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ ऐसा विश्वास पैदा करना है कि वे किसी भी परेशानी में निःसंकोच पुलिस से संपर्क कर सकें।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Nov 21, 2026