चौरासी कोसी सड़क निर्माण में लगे बेकाबू डंपर ने बाइक सवार युवती को रौंदा, इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत
मिल्कीपुर (अयोध्या): थाना खंडासा क्षेत्र के खुतहा के पास चौरासी कोसी सड़क निर्माण कार्य में मिट्टी ढो रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 21 वर्षीय युवती डंपर की चपेट में आ गई, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
खंडासा की ओर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रायपट्टी गांव निवासी रंजीत कुमार मंगलवार को अपनी 21 वर्षीय बहन पिंकी को बाइक पर बैठाकर खंडासा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहाली चौराहे की तरफ से आ रहे मिट्टी लदे बेकाबू डंपर ने खुतहा के पास उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिंकी सड़क पर गिर गई और डंपर का पहिया उसके पैरों के ऊपर से गुजर गया।
डंपर चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर मदन बरनवाल ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। खंडासा थाना अध्यक्ष कमलेश सरोज ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर (HR 46 G 1309) को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी चालक रियाज अहमद (निवासी कुशीनगर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर मिलते ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार डंपरों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सड़क निर्माण में लगी एजेंसियों के डंपरों की अनियंत्रित गति और लापरवाही पर गहरा रोष जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में लगे चालक अक्सर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हैं, जिससे हर समय बड़े हादसों का खतरा बना रहता है।
Hardoi, Hardoi | Sep 23, 2026