केहरवाला-सादेवाला मार्ग पर पेड़ से टकराई बाइक, 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत
सिरसा।
रानियां क्षेत्र में केहरवाला से सादेवाला के बीच मुख्य सड़क पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव दारेवाला निवासी प्रकाश सिंह पुत्र मक्खन भाट के रूप में हुई है। प्रकाश सिंह दो बेटियों और एक बेटे का पिता था। जानकारी के अनुसार प्रकाश सिंह किसी काम से ऐलनाबाद गया हुआ था। काम निपटाने के बाद वह बाइक से अपने गांव दारेवाला लौट रहा था। केहरवाला रोड स्थित डेरे के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और प्रकाश सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
वीडियो वायरल होने के बाद हुई पहचान
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने घायल को संभाला और एंबुलेंस की मदद से रानियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसकी पहचान प्रकाश सिंह के रूप में हुई, जिसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रकाश सिंह को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।