🔳विद्यार्थियों को जैव उर्वरकों के उपयोग से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के बताए तरीके
🔳कटनी - विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत शासकीय आरके गौतम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरवारी में जैविक खेती पर तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्राचार्य संघ रत्न भलावे के मार्गदर्शन में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने तथा जैविक खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ ने जीरो बजट फार्मिंग के तहत जैव उर्वरकों एवं जीवाणु कल्चर के उपयोग की विधियां समझाईं। उन्होंने बताया कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और फसलों को लगातार पोषक तत्व उपलब्ध कराने में राइजोबियम, एजोटोबैक्टर जैसे जैव उर्वरक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दलहनी फसलों में राइजोबियम तथा गैर दलहनी फसलों में एजोटोबैक्टर, एजोस्पिरिलम, एजोला एवं नील हरित शैवाल का उपयोग मिट्टी में वायुमंडलीय नाइट्रोजन का स्थिरीकरण कर पौधों को पोषण उपलब्ध कराने में सहायक होता है।
उन्होंने फसलों में फास्फोरस की उपलब्धता बढ़ाने के लिए फास्फेटिका तथा फास्फोरस अवशोषण में सहायक माइकोराइजा के उपयोग की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों को बीज उपचार, भूमि उपचार, जड़ एवं कंद उपचार तथा नर्सरी उपचार की तकनीकी विधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में फसलों को उगरा, जड़ सड़न, पौध गलन और कंडवा जैसे रोगों से बचाने के लिए जैविक फफूंदनाशक ट्राइकोडर्मा विरिडी के उपयोग एवं रोग नियंत्रण के तरीके भी बताए गए। इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षक महेंद्र दोहरे ने प्रशिक्षण के आयोजन में सहयोग किया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी