74 वर्षीय वृद्ध महिला की गला दबाकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
आरोपी ने महिला के घर में घुसकर दिया था हत्या करने की वारदात को अंजाम।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 5 अक्टूबर । निरीक्षक संजीव कुमार, प्रबन्धक थाना न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक 75 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज गुप्ता (उम्र 22 वर्ष) निवासी गांव देवधा, थाना हसनपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवासी गली नम्बर-10 मदनपुरी, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
4 अक्टूबर को पुलिस थाना न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक सूचना न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम में एक वृद्ध महिला की हत्या किए जाने के सम्बंध में प्राप्त हुई। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची, जहां पर एक वृद्ध महिला मकान के दरवाजे पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस टीम द्वारा इस वारदात के सम्बंध में उच्च अधिकारियों व पुलिस की FSL, सीन-ऑफ-क्राइम व फिंगरप्रिंट टीमों को घटनास्थल पर बुलवाकर शव व घटनास्थल का निरीक्षण कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया। घटनास्थल पर ही उपस्थित आकर एक व्यक्ति ने पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि 4 अक्टूबर को समय सांय करीब 8 बजकर 15 मिनट यह अपनी बालकनी में टहल रहा था। इनके घर के सामने एक वृद्ध महिला मधु शर्मा (उम्र करीब 75 वर्ष) अपने मकान नंबर 180-B, न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम में कई सालों से अकेली रहती थी। इसने देखा कि उस महिला के घर के सामने एक व्यक्ति घूमता हुआ आया और कुछ देर खड़ा होकर इधर-उधर देखने लगा और मधु शर्मा के मकान में घुस गया, तभी इसको मकान से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो इसको अनहोनी होने का अंदेशा हुआ। इसने तुरंत अपने घर जाकर अपने पिता जी को बताया और आसपास के लोगों को भी बताया तथा पुलिस को फोन किया। जब ये और आस-पड़ोस के करीब 5-6 आदमी मधु के घर के अंदर गए तो वह व्यक्ति इन्हें आता देखकर मकान के पीछे हिस्से में लगे पेड़ों में छुप गया, जो अंधेरा होने के कारण दिखाई नहीं दिया। इन्होंने देखा कि मधु शर्मा कमरे के दरवाजे के पास जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उस व्यक्ति ने मधु शर्मा को जान से मार दिया था। प्राप्त शिकायत पर कल पुलिस थाना न्यू कॉलोनी गुरुग्राम धारा 103(1) BNS के तहत अभियोग अंकित किया गया।
उपरोक्त अभियोग में मृतका 75 वर्षीय वृद्ध महिला थी , जो मकान में अकेली रहती थी और दिल्ली से टीचर के पद से रिटायर्ड थी। पुलिस टीम द्वारा महिला के परिजनों से सम्पर्क करके महिला की हत्या होने की सूचना दी और उनके परिजनों के आने उपरान्त मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में महिला की मृत्यु गला दबाने से होना ज्ञात हुआ।
पुलिस थाना न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में त्वरित व प्रभावशाली कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में हत्या करने की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को आज नजदीक लक्ष्मी बाजार पार्क प्रताप नगर, गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान सूरज गुप्ता उपरोक्त के रूप में हुई।
आरोपी से प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि यह (आरोपी सूरज गुप्ता) मकान निर्माण के दौरान सरिया का ढांचा तैयार करने का कार्य करता है। इसने मृतका के घर में घुसकर उसका गला दबाकर उसकी हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम द्वारा हत्या से सम्बन्धित सभी पहलुओं को मध्यनजर रखते हुए आरोपी से गहनतापूर्वक पूछताछ करते हुए हत्या करने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, आरोपी से पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएगी, उनके आधार पर अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।