वृद्धाश्रम में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, बुजुर्गों को अंगवस्त्र व फल वितरित
देवरिया। मेहड़ा पुरवा स्थित वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वृद्ध माता-पिता को तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद आश्रम में निवासरत सभी वृद्धजनों को अंगवस्त्र और फल वितरित किए गए।
समारोह के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन कर वृद्धजनों को उनके अधिकारों और कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं मेडिकल कॉलेज की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया। चिकित्सकों ने वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यकता के अनुसार दवाइयां भी वितरित कीं।
कार्यक्रम में नगर पालिका से मनोज मैथिल, कलेक्ट्रेट से सेवानिवृत्त रेनू सिन्हा, योग प्रशिक्षिका कुसुम मिश्रा, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक मिश्रा, बिपिन पाण्डेय, वात्सल्य सेवा संस्थान की विभा पाण्डेय, मेडिकल कॉलेज की चीफ डॉ. सुरुचि और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से डॉ. शशि भूषण सहित आश्रम के कर्मचारी एवं सभी वृद्धजन मौजूद रहे।
Deoria, Deoria | Oct 2, 2026