*आंदोलन स्थल बनहरी टपरियन पहुंचे कलेक्टर, आंदोलन स्थगित*
-----------------------
केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय सिंचाई परियोजना सहित रूंज एवं मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना के विस्थापित परिवारों को शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में अतिरिक्त मुआवजा राशि के वितरण का कार्य प्रचलित है। राजस्व एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की टीम द्वारा शेष पात्र परिवारों के बैंक खाता सत्यापन सहित आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं। साथ ही नवीन बसाहट स्थल पर परियोजना से प्रभावित परिवारों के लिए बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
इस क्रम में रविवार को कलेक्टर हर्ष सिंह ने अजयगढ़ क्षेत्र के आंदोलन स्थल बनहरी टपरियन गांव पहुंचकर धरने पर बैठे ग्रामीणजनों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। जिला कलेक्टर से चर्चा एवं आश्वासन के उपरांत आंदोलन के नेतृत्वकर्ता अमित भटनागर ने मांगों का ज्ञापन सौंपकर धरना स्थगित करने की घोषणा की। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने धरना स्थल से अपना सामान भी हटाया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि 15 दिवस में उचित मांगों पर वांछित कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
Panna, Panna | Nov 1, 2026