गंगाखेड़ी में लकड़ियों के सहारे बांधे बिजली के तार, हादसे के बाद भी नहीं जागा विभाग
मंदसौर। जिले के गंगाखेड़ी गांव में बिजली कंपनी की लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के टूटे तारों को लकड़ियों के सहारे बांधकर अस्थायी जुगाड़ किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार मामला शामजी पाटीदार के खेत का है, जहां किसानों और मजदूरों की आवाजाही रहती है। आरोप है कि करीब तीन महीने से लाइनमैन ने मौके पर निरीक्षण तक नहीं किया। चिंताजनक बात यह है कि चार दिन पहले इसी गांव में 32 वर्षीय युवक की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद व्यवस्था नहीं सुधरी। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल तारों की मरम्मत कर सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की है।