पटना के खुसरूपुर थाना अंतर्गत खिरोधरपुर दियारा में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, तस्कर फरार,
पटना के खुशरूपुर थाना क्षेत्र के खिरोधरपुर दियारा इलाके में मध् निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। निरीक्षक लालू कुमार के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम को मौके पर नकली शराब तैयार किए जाने से जुड़े सामान और अन्य सामग्री मिली है। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही शराब तस्कर पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि फरार शराब तस्करों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही नकली शराब के निर्माण और सप्लाई से जुड़े इनपुट और आउटपुट की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
विभाग की टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब कहां तैयार की जाती थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उत्पाद विभाग की कार्रवाई और जांच जारी है।
#Mokama #खुसरूपुर
Mokameh, Patna | Sep 1, 2026