*नशीला पदार्थ का सेवन करने से चार युवकों की मौत: जहरीली शराब पीने की आशंका*
बाढ़। बाढ़ के बेढ़ना गांव में रविवार को पार्टी कर रहे चार युवकों की नशीला पदार्थ का सेवन करने से तबियत बिगड़ गई, जिन्हें गंभीर स्थिति में परिजनों द्वारा बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया, जहां चारों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए परिजनों एवं ग्रामीणों ने बेढ़ना फोरलेन को जाम कर यातायात को बाधित कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव और एसडीएम कृष्ण जोशी ने कमान संभाली और जाम को हटाने में जुट गए। परिजनों के अनुसार मृतकों की पहचान 32 वर्षीय शशि कुमार, 40 वर्षीय विकास राम, 45 वर्षीय पंकज सिंह, तथा 30 वर्षीय निशु कुमार के रूप में की गई है। सभी बेढ़ना गांव के निवासी हैं।
परिजन निर्मल कुमार सिंह ने बताया कि सावन महीना समाप्त होने के बाद चारों मिलकर मछली बनाए थे और मछली एवं शराब का सेवन कर रहे थे। उसके बाद जैसे ही एक एक बार शराब लिया, उनकी तबीयत बिगड़ गई।
फिलहाल परिजनों द्वारा जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई जा रही है, और मुआवजे की मांग की जा रही है।
वहीं मौके पर पहुंची एसडीएम कृष्णा जोशी ने बताया कि चार लोगों की मौत हुई है। तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था। किस कारण से मौत हुई है, उसकी जाँच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।
#barh #Mokama
Mokameh, Patna | Aug 30, 2026