प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक: 10.07.2026
आज दिनांक 10.07.2026 को जिला पदाधिकारी, श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आगामी 15 अगस्त 2026 को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत वरीय उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों की उपस्थिति दर्ज कराते हुए की गई।
बैठक के दौरान पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की तैयारियों को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिससे इस वर्ष की तैयारियों को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि मुख्य समारोह में ध्वजारोहण का कार्यक्रम प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे के बीच संपन्न होगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यालयों एवं स्थलों पर ध्वजारोहण, रंगाई-पुताई तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने की तैयारी 07 अगस्त से 13 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः 07:30 बजे के आसपास सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि समारोह स्थल पर मंच की समुचित व्यवस्था की जाए तथा राष्ट्रगान के लिए सरकारी विद्यालयों के बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 15 अगस्त के दिन स्कूली बच्चे स्वतंत्रता सेनानियों के वेश-भूषा में तिरंगा झंडा लिए गांधी मैदान एवं अन्य सभा स्थलों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिससे कार्यक्रम में देशभक्ति का वातावरण सुदृढ़ हो सके।
समारोह के सफल आयोजन हेतु विभिन्न कार्यों जैसे ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, भाषण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आमंत्रण पत्र वितरण आदि के लिए एक नोडल पदाधिकारी तथा उनके सहयोग हेतु तीन सहायक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। सभी पदाधिकारियों के नाम, पदनाम एवं दायित्वों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों, शहीद द्वार एवं ध्वजारोहण स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं भव्य बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं।
इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन बनाम नागरिकों के बीच फैंसी क्रिकेट मैच आयोजित करने तथा शाम के समय टाउन हॉल, लखीसराय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, वरीय उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, साइबर उपाधीक्षक अजीत प्रताप सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
25 views | Lakhisarai, Bihar | Jul 10, 2026