स्वाभिमान रैली को लेकर शेखपुरा में चंद्रवंशी एवं अति पिछड़ा समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित।
पटना में आगामी 28 नवंबर को आयोजित मगध सम्राट जरासंध महाराज जी के जन्मोत्सव सह स्वाभिमान रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला अतिथि गृह, शेखपुरा में चंद्रवंशी समाज एवं अति पिछड़ा समाज के प्रमुख साथियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए चंद्रवंशी चेतना परिषद एवं अति पिछड़ा चेतना परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि चंद्रवंशी समाज का इतिहास अत्यंत प्राचीन, गौरवशाली एवं स्वाभिमान से परिपूर्ण रहा है। मगध सम्राट जरासंध महाराज जी का मगध की धरती पर ऐतिहासिक शासन रहा है। लेकिन कालांतर में नेतृत्व के अभाव और सामाजिक विखंडन के कारण हमारा समाज राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से अपेक्षित स्थान प्राप्त नहीं कर सका।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा एवं एनडीए सरकार ने पंचायतों और नगर निकायों में अति पिछड़े वर्गों को आरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर प्रदान किया है। साथ ही राजगीर में मगध सम्राट जरासंध महाराज जी के नाम पर स्मारक पार्क, भव्य प्रतिमा एवं राजकीय सम्मान के माध्यम से हमारे गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित करने का कार्य किया है। इसके लिए चंद्रवंशी समाज एवं अति पिछड़ा समाज की ओर से भाजपा एवं एनडीए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री चंद्रवंशी ने कहा कि वर्ष 1994 में पटना के गांधी मैदान में चंद्रवंशी समाज की एक बड़ी रैली आयोजित हुई थी, लेकिन उस समय समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम नहीं मिल सका। आज परिस्थितियां बदली हैं। वर्तमान सरकार ने समाज के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, हालांकि अभी भी कुछ अपेक्षाएं और मांगें शेष हैं।
उन्होंने कहा कि 28 नवंबर की रैली समाज के ऐतिहासिक गौरव, सामाजिक सम्मान और अपनी अपेक्षाओं को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर सरकार द्वारा किए गए कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ शेष मांगों से भी अवगत कराया जाएगा।
श्री चंद्रवंशी ने कहा कि वे 18 वर्ष की उम्र से ही चंद्रवंशी समाज एवं अति पिछड़ा वर्ग के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं। उन्होंने सदैव व्यक्तिगत हित से ऊपर समाज के सामूहिक हित को प्राथमिकता दी है और समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
बैठक में उपस्थित लोगों के उत्साह एवं सहभागिता को देखते हुए 28 नवंबर को पटना में आयोजित रैली में शेखपुरा जिले से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई। इस दौरान बैठक में शैलेन्द्र कुमार बिंद,टुन्नू कुमार,पिंटू चंद्रवंशी,श्रवण कुमार,प्रभात कुमार,सुनील कुमार चंद्रवंशी,शंकर कुमार,उपेंद्र सिंह चंद्रवंशी, गुड्डू सिंह चंद्रवंशी, गणेश सिंह चंद्रवंशी,संदीप कुमार चंद्रवंशी,मुन्ना चंद्रवंशी,पहलाद सिंह चंद्रवंशी, शंभू सिंह चंद्रवंशी,विकास चंद्रवंशी,रवि कुमार, गौरव कुमार, अंकित कुमार, रंजीत कुमार, सूरज कुमार,सोनू कुमार चंद्रवंशी सहित दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रमुख साथियों ने अपने विचार रखे तथा रैली की तैयारियों को लेकर अपने सुझाव दिए।
Sheikhpura, Sheikhpura | Nov 11, 2026