विधान परिषद चुनाव की तैयारी तेज, बेगूसराय में 10 निर्वाचन कोषांग गठित
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 29,222 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 2,050 मतदाता पंजीकृत
बेगूसराय। आगामी बिहार विधान परिषद निर्वाचन के तहत 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, मतदाता सूची, निर्वाचन प्रक्रिया तथा जिले में चुनाव के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 23 सितंबर 2026 तक जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 29,222 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 2,050 मतदाता पंजीकृत हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के आधार पर मतदाताओं की स्थिति से अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तर पर विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का गठन किया गया है। इन कोषांगों के माध्यम से चुनाव से जुड़े अलग-अलग कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा।
10 निर्वाचन कोषांगों के जरिए होगी निगरानी
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद डीएम की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हुई। इसमें निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि चुनाव के सुचारू संचालन के लिए 10 प्रकार के निर्वाचन कोषांग गठित किए गए हैं।
इनमें कार्मिक प्रबंधन-सह-प्रशिक्षण कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, वाहन एवं सामग्री प्रबंधन कोषांग, आदर्श आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था प्रबंधन कोषांग, मीडिया कोषांग, प्रेक्षक प्रबंधन कोषांग, जिला हेल्पलाइन-सह-आईटी कोषांग, वीडियोग्राफी/लाइव वेब-कास्टिंग कोषांग तथा निर्वाचन संचालन एवं अनुश्रवण प्रबंधन कोषांग सहित अन्य संबंधित कोषांग शामिल हैं।
इन कोषांगों के माध्यम से मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री व मतपेटिकाओं की व्यवस्था, वाहनों एवं अन्य संसाधनों का प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था का अनुपालन, मीडिया समन्वय, आईटी सहायता, वीडियोग्राफी तथा निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी की जाएगी।
समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
डीएम रिची पांडेय ने सभी वरीय प्रभारी एवं नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता, आपसी समन्वय और निर्धारित समय-सीमा के भीतर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने प्रशासनिक, मानव संसाधन, सामग्री, वाहन एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने तथा चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री एवं मतपेटिकाओं की उपलब्धता, वाहन प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता, मीडिया समन्वय और आईटी व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता विभागीय जाँच महेश्वर प्रसाद सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी सौरव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।