#भरतपुर। जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में रविवार को शहर के बिजली घर चौराहे से लक्ष्मण मंदिर तक विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल, क्यूआरटी टीम और महिला गश्ती दल शामिल रहा। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया और स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान माहौल खराब करने या मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और अवैध शराब, नकदी व हथियारों के परिवहन को रोकने के लिए सघन नाकाबंदी की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से बिना किसी भय या प्रलोभन के मताधिकार का प्रयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।