पांगी में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने परखे स्कूलों के हालात, विद्यार्थियों से किया संवाद
बालिका आश्रम किलाड़, ईएमआरएस, पीएम श्री विद्यालय और साच के शिक्षण संस्थानों का किया निरीक्षण
शिक्षा मंत्री बोले—सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल ने देशभर में हासिल किया तीसरा स्थान
पांगी, 28 अक्टूबर।
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों तथा आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
शिक्षा मंत्री ने मुख्यालय किलाड़ स्थित बालिका आश्रम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) किलाड़, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ का निरीक्षण किया।
शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सरकार की प्राथमिकता
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि पांगी जैसे दुर्गम जनजातीय क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों की स्थिति और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को समझने के लिए निरीक्षण किया गया है। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदेश के स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है।
इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। शिक्षा मंत्री ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें 15 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
फिन्डरू और साच में सुनीं जनसमस्याएं
दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत फिन्डरू और साच के लोगों से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साच और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय साच का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश ने देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में तीसरा स्थान हासिल किया है।
इससे पहले शिक्षा मंत्री ने सुराल स्थित गोम्पा में दर्शन किए और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पांगी के लोगों को अपनी समृद्ध प्राचीन संस्कृति एवं परंपराओं को संजोकर रखने के लिए बधाई भी दी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर चंबा सदर के विधायक नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित भरमौरी, आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह, पांगी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चौहान, जनजातीय सलाहकार चुनी लाल और दौलत राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Rohit Thakur Pangi Administration
@topfans #LikeFollowShare Tribal Live News
TRIBAL LIVE NEWS
सच के साथ, निडर, निष्पक्ष, बेखौफ।
Chamba, Chamba | Oct 29, 2026