मास कम्युनिकेशन विभाग के तृतीय वर्ष के छात्र टोनी ने लगाया मानसिक उत्पीड़न का आरोप!!
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग के तृतीय वर्ष के छात्र टोनी ने विभागीय स्तर पर मानसिक उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। बिहार निवासी छात्र ने वीडियो जारी कर अपनी परेशानी बताते हुए बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से मदद की गुहार लगाई है।
वीडियो में छात्र ने बताया कि उसने विभाग में बाथरूम की साफ-सफाई न होने, फैकल्टी की कमी समेत अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत की थी। छात्र के अनुसार, शिकायत के बाद विभागाध्यक्ष की ओर से बैठक बुलाई गई। आरोप है कि बैठक में उसे कहा गया कि वह जिंदगी में कुछ नहीं कर पाएगा और उसे काफी कुछ सुनाया गया। छात्र ने इसे मानसिक उत्पीड़न बताते हुए अपनी बात वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर साझा की।
छात्र का कहना है कि विभाग में व्याप्त समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के बाद उसे इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा। वीडियो के माध्यम से उसने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मामले में मदद की अपील की है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Sep 30, 2026