चित्रकूट में पहुंचे 'काली कंबल वाले बाबा', शिविर में उमड़ी मरीजों की भीड़, लकवा से लेकर शुगर तक ठीक करने का करते हैं दावा
चित्रकूट। जनपद चित्रकूट में इन दिनों 'काली कंबल वाले बाबा' चर्चा का विषय बने हुए हैं। 17 नवंबर 2026 से 24 नवंबर 2026 तक चित्रकूट में शिविर लगाया गया है, जहां पहले ही दिन सैकड़ों की संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते नजर आए।
बताया जाता है कि काली कंबल वाले बाबा का असली नाम गणेश यादव है और वह गुजरात के रहने वाले हैं। बाबा लोगों को काला कंबल ओढ़ाकर विभिन्न बीमारियों को ठीक करने का दावा करते हैं। उनके दावों में लकवा, पोलियो, शुगर सहित दर्जनों बीमारियों का उपचार शामिल बताया जा रहा है। इसी वजह से उन्हें देखने और अपनी बीमारी के उपचार की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंच रहे हैं।
शिविर में मरीजों की भीड़ को देखते हुए यह चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर काले कंबल के माध्यम से किस प्रकार उपचार किया जाता है और इसके पीछे क्या प्रक्रिया है।
हालांकि, लकवा, पोलियो, मधुमेह और अन्य गंभीर बीमारियों को कंबल से ठीक करने के दावों की वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय पुष्टि की जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीजों को सलाह है कि वे किसी भी स्थिति में डॉक्टर की सलाह और अपना नियमित इलाज बंद न करें।
अब देखना होगा कि 24 नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में कितने लोग पहुंचते हैं और बाबा के उपचार संबंधी दावों की वास्तविकता क्या सामने आती है।