#सेवा_संकल्प_अभियान
सेवा-संकल्प अभियान अंतर्गत ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम आयोजित
स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव, युवतियों ने खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
जिले में संचालित सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत आजीविका भवन, झाबुआ में “नमो युवा शक्ति” संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्व-सहायता समूहों की लगभग 300 महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों एवं संघर्षों के अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि विभिन्न चुनौतियों के बीच स्व-सहायता समूहों से जुड़कर उन्होंने आजीविका के नए अवसर प्राप्त किए और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाए। समूह गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं ने न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दिया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं स्वयं निर्णय लेने की भावना भी विकसित हुई।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं युवतियों से संवाद कर उनके अनुभवों और उपलब्धियों को जाना। महिलाओं ने अपनी आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार तथा समूह से जुड़ने के बाद आए बदलावों की जानकारी साझा की। इस दौरान महिलाओं, युवतियों एवं समूह सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
संवाद कार्यक्रम के पश्चात महिलाओं एवं युवतियों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कबड्डी, खो-खो, चेयर रेस सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभागियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को अतिथियों द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
“नमो युवा शक्ति” कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा-संकल्प अभियान के माध्यम से स्व-सहायता समूह परिवारों की महिलाओं एवं युवतियों को खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। साथ ही स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं के अनुभवों के माध्यम से अन्य महिलाओं एवं युवतियों को आजीविका एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया, श्री सोमसिंह सोलंकी, श्री बहादुरजी हटीला सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक सुश्री कृष्णा रावत, जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम सहित मिशन के अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं युवतियां उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya