'शान-ए-बुशहर' MPL-4 क्रिकेट प्रतियोगिता में खेल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
---80 से अधिक टीमें ले रही हैं भाग, मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को दिए जा रहे देवदार और बान के पौधे
रोहड़ू, 14 जून। युवा मंडल मंढोल द्वारा आयोजित ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता "शान-ए-बुशहर" MPL-4 का शुभारंभ 10 जून 2026 को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नेहा मेहता ने किया। इस वर्ष प्रतियोगिता के माध्यम से खेलों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड, चौहारा, रोहड़ू, नावर, ठियोग और कोटखाई क्षेत्रों सहित 80 से अधिक टीमें हिस्सा ले रही हैं। युवा मंडल की ओर से मैन ऑफ द मैच चुने जाने वाले खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह के साथ देवदार और बान के पौधे भेंट किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों से इन पौधों का रोपण कर उनकी तस्वीरें युवा मंडल के साथ साझा करने का आग्रह भी किया गया है।
युवा मंडल मंढोल के महासचिव रॉबिन केसरी चौहान ने बताया कि मंडल समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले स्वर्गीय महेश कटेल की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में 130 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था। वहीं पिछले वर्ष युवा मंडल ने 1000 से अधिक देवदार के पौधों का रोपण भी किया था।
युवा मंडल मंढोल की कार्यकारिणी में बॉबी जस्टा अध्यक्ष, बंटू धरटा उपाध्यक्ष, दिग्विजय मेहता प्रधान, अंकुश चौहान उपप्रधान, रॉबिन केसरी चौहान महासचिव, कुनाल भीमटा सह सचिव, वरुण खिमटा कोषाध्यक्ष तथा शशि कांत शकटेट सह कोषाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।