जिला स्थापना दिवस एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के अवसर पर शुक्रवार की संध्या शहर स्थित दिनकर कला भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की समृद्ध लोक-संस्कृति, कला, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर शाम तक बांधे रखा। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री रिचि पाण्डेय, उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता श्री बृज किशोर चौधरी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पूजा प्रीतम, अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय श्री अश्विनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके साथ ही जिला स्थापना दिवस समारोह की सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों एवं दर्शकों का स्वागत किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले अतिथियों का आगमन हुआ। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति हुई।
उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की खासियत यह रही कि इसमें जिले की लोक परंपरा और आधुनिक सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला। स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम में नृत्य-नाटिका, संगीत प्रस्तुति, लोकनृत्य और भाव नृत्य सहित कई प्रस्तुतियां शामिल रहीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की लोक संस्कृति और बेगूसराय की सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत कर दिया ।
साथ ही 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी विभागों के तथा कला एवं संस्कृति से जुड़े हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले को जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया |
इससे पूर्व कंकौल स्थित प्रेक्षागृह-सह- आर्ट गैलरी में सृजनोत्सव-2 चित्रकला, मूर्तिकला एवं शिल्पकला प्रदर्शनी जिसका 29 सितंबर से आयोजन किया जा रहा था जहा स्थनीय विद्यालयों के बच्चों के लिए कार्यशाला का भी आयोजन किया गया था जिसमे भारी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया| सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर और राज्य के बिभिन्य जिलो से आये सभी अतिथि कलाकारों का सम्मान कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम कुमार सहनी द्वारा किया गया |
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, बेगूसराय की ओर से संगीत प्रस्तुति दी गई। इसके बाद तारुणी तारण नाट्य समिति और बेगूसराय डांस जोन तथा त्रिवेणी संस्था की ओर से लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया। लोकनृत्य की प्रस्तुति के दौरान कलाकारों ने पारंपरिक भाव-भंगिमा और नृत्य शैली के माध्यम से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में ‘हमार बेगूसराय’ नामक भाव नृत्य की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने बेगूसराय की पहचान, संस्कृति और स्थानीय भावनाओं को मंच पर अभिव्यक्त करने का प्रयास किया। प्रस्तुति में आधुनिक नृत्य शैली का प्रयोग करते हुए जिले के प्रति जुड़ाव और गौरव की भावना को दर्शाया गया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद ‘हमारा बेगूसराय-प्यारा बेगूसराय’ काव्यात्मक प्रस्तुति ने भी सांस्कृतिक संध्या में रंग भर दिया। स्थानीय परिवेश और जिले के प्रति प्रेम को अभिव्यक्त करने वाली इस प्रस्तुति ने दर्शकों से सीधा जुड़ाव बनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश भी सामने आया कि जिले की पहचान केवल उसके प्रशासनिक और ऐतिहासिक महत्व से नहीं, बल्कि यहां की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं से भी बनती है।
सांस्कृतिक संध्या में भजन नृत्य की प्रस्तुति भी हुई। आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, बेगूसराय के कलाकारों ने भजन आधारित नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग दिया। संगीत और नृत्य के तालमेल ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों को आकर्षित किया। कलाकारों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रस्तुति दी। जिला स्थापना दिवस समारोह में स्थानीय कलाकारों को मंच देने की पहल को भी महत्वपूर्ण माना गया। जिले के विभिन्न सांस्कृतिक संस्थानों और कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बनाने में योगदान दिया। अलग-अलग विधाओं के कलाकारों की भागीदारी से कार्यक्रम में विविधता देखने को मिली। लोकनृत्य से लेकर संगीत और भाव नृत्य तक प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने दर्शकों को लगातार जोड़े रखा।
इंडियन आइडल फाइनलिस्ट और सुरसंग्राम एवं भारत के अमृत कलश फेम सौम्या मिश्रा की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार सोम्या मिश्रा ने संगीत प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला। संगीत और गायन के इस कार्यक्रम ने सांस्कृतिक संध्या को एक अलग रंग प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने अपनी सुरीली आवाज में लोकप्रिय गीत “हर घड़ी बदल रही है रूप ज़िंदगी…” प्रस्तुत किया। उनके गीत ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया और पूरा माहौल संगीतमय हो उठा। प्रशासनिक दायित्वों के बीच जिला पदाधिकारी का यह सहज और कलात्मक अंदाज लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। गीत की प्रस्तुति के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
इसके साथ ही स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड समन्वयकों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने, लोगों की सहभागिता बढ़ाने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
साथ ही जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वही अंत में कलाकारों का सम्मान किया गया। जिला स्थापना दिवस समारोह में अपनी प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।