रोजगार की बहार: वृहद रोजगार मेले में 231 युवाओं का प्रारंभिक चयन
* गाजीपुर स्थित किरन सिंह महाविद्यालय में उमड़े 397 अभ्यर्थी, 12 निजी कंपनियों ने लिए साक्षात्कार
* पूर्व कैबिनेट मंत्री राधेश्याम गुप्ता ने किया उद्घाटन, युवाओं को मिला कॅरियर मार्गदर्शन
फतेहपुर (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत मंगलवार को गाजीपुर स्थित किरन सिंह महाविद्यालय में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की 12 नामी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार के लिए पहुंचे कुल 397 अभ्यर्थियों में से 231 युवाओं का विभिन्न पदों के लिए प्रारंभिक रूप से चयन (शॉर्टलिस्ट) किया गया।
मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि व पूर्व कैबिनेट मंत्री राधेश्याम गुप्ता ने किया। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बेरोजगार युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने का सुनहरा मंच प्रदान करते हैं, जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण कुमार यादव, सहायक सेवायोजन अधिकारी हर्ष लालवानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद पाण्डेय, एलआईसी ब्रांच मैनेजर मनोज गुप्ता और महेंद्र गुप्ता ने युवाओं को कॅरियर निर्माण और साक्षात्कार की बारीकियों का मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का संचालन शशांक पाण्डेय ने किया। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रमोद कुमार शुक्ल ने मुख्य अतिथि, कंपनी प्रतिनिधियों और मीडियाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।