हरिद्वार में देर रात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 94 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले
कई को मिली थानों की कमान, पुलिस लाइन से भी दी गई नई तैनाती; बहादराबाद, ज्वालापुर, कनखल, रानीपुर, रुड़की समेत कई कोतवालियों में बदले पुलिसकर्मी
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के कुल 94 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। इस तबादला सूची में 13 निरीक्षक और 81 उपनिरीक्षक शामिल हैं। आदेश जारी होते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार कई निरीक्षकों को अलग-अलग कोतवालियों में प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, उपनिरीक्षक स्तर पर भी बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। पुलिस लाइन, विभिन्न थानों और चौकियों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
तबादला सूची में ज्वालापुर, बहादराबाद, कनखल, रानीपुर, रुड़की, लक्सर, गंगनहर, मंगलौर, भगवानपुर, सिडकुल, पथरी, श्यामपुर, झबरेड़ा और कलियर सहित जनपद के कई थाने शामिल हैं।
इसके अलावा सीआईयू, चुनाव सेल, पुलिस कार्यालय और अन्य शाखाओं में भी अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को एक थाने से दूसरे थाने में भेजा गया है, जबकि कुछ को चौकियों और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों पर लगाया गया है।
आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब देखना होगा कि इस बड़े फेरबदल के बाद जनपद की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग में किस तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं।
Hardwar, Haridwar | Nov 26, 2026