समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 16.08.2026*
=================। ऊर्जा सचिव श्री अजय यादव के निर्देश पर कैमूर में विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर, 17 से 22 अगस्त तक सभी अवर प्रमंडलों एवं शाखाओं में होगा आयोजन
ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अजय यादव के कैमूर भ्रमण के दौरान जिले में विद्युत व्यवस्था, उपभोक्ता सेवाओं एवं बिजली संबंधी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी, कैमूर भी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, कुटीर ज्योति योजना, लो-वोल्टेज की समस्या, कृषि फीडर, औद्योगिक विद्युत कनेक्शन तथा उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। ऊर्जा सचिव द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ऊर्जा सचिव के निर्देशों एवं जिला प्रशासन के सहयोग से दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, भभुआ द्वारा विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह विशेष शिविर 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक प्रत्येक कार्य दिवस को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, भभुआ के अंतर्गत आने वाले सभी अवर विद्युत प्रमंडलों एवं शाखा कार्यालयों में आयोजित होगा। शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।
शिविर में उपभोक्ता निम्नलिखित समस्याओं से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे—
गलत मीटर रीडिंग।
औसत बिल अथवा अत्यधिक बिल प्राप्त होने की समस्या।
बकाया राशि से संबंधित समस्या।
उपभोक्ता के नाम अथवा पते में त्रुटि।
टैरिफ से संबंधित समस्या।
बिजली विपत्र में अन्य किसी भी प्रकार की त्रुटि।
विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 17 से 22 अगस्त 2026 के बीच अपने संबंधित अवर विद्युत प्रमंडल अथवा शाखा कार्यालय में आयोजित शिविर में पहुंचकर बिजली बिल से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज कराएं और त्वरित समाधान का लाभ उठाएं।
शिविर के दौरान उपभोक्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन एवं शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई उपलब्ध कराई जाएगी। अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए विद्युत कार्यपालक अभियंता (ईई सप्लाई), विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, भभुआ से संपर्क किया जा सकता है।
ऊर्जा सचिव के निर्देश एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह विशेष शिविर जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने तथा बेहतर, पारदर्शी एवं जवाबदेह उपभोक्ता सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Energy Department, Bihar
Kaimur, Bihar | Aug 16, 2026