*मतदेय स्थलों के संभाजन के उपरान्त जनपद में 2409 मतदेय स्थल एवं 1470 मतदान केंद्र अनुमोदित*
*संभाजन के बाद मतदेय स्थलों की संख्या में 42 की कमी तथा मतदान केंद्रों की संख्या में 12 की हुई वृद्धि*
*रायबरेली-05 नवम्बर 2026,*
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 04 नवम्बर 2026 को मतदेय स्थलों के संभाजन संबंधी प्रस्तावों को अनुमोदित किए जाने के उपरान्त जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में संभाजन से पूर्व एवं संभाजन के पश्चात अनुमोदित मतदान केंद्रों तथा मतदेय स्थलों की स्थिति से राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का संभाजन किया गया है। संभाजन की प्रक्रिया से पूर्व जनपद में कुल 2451 मतदेय स्थल थे, जबकि संभाजन के उपरान्त भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कुल 2409 मतदेय स्थल अनुमोदित किए गए हैं। इस प्रकार पूर्व की तुलना में 42 मतदेय स्थलों की संख्या में कमी हुई है।
इसी प्रकार संभाजन से पूर्व जनपद में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 1458 थी, जो संभाजन के उपरान्त बढ़कर 1470 हो गई है। इस प्रकार पूर्व की तुलना में मतदान केंद्रों की संख्या में 12 की वृद्धि हुई है।
बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को संभाजन की प्रक्रिया, उसके आधार एवं अनुमोदित मतदेय स्थलों तथा मतदान केंद्रों की स्थिति के संबंध में जानकारी दी गई।
इस अवसर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Rae Bareli, Raebareli | Nov 5, 2026