*जालौन के 70 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र*
*कृषि क्षेत्र को मिलेगी नई मजबूती, DM ने दी शुभकामनाएं*
*राम चन्द्र राजपूत जालौन*
*जालौन।* उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ के जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से UPSSSC द्वारा चयनित कृषि विभाग के 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जालौन के विकास भवन सभागार में LED के माध्यम से किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, सदर विधायक प्रतिनिधि रविन्द्र प्रताप, कालपी विधायक प्रतिनिधि आशुतोष चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नवनियुक्त प्राविधिक सहायक मौजूद रहे।
*जालौन को मिले 70 प्राविधिक सहायक*
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद जालौन में *70 नवचयनित प्राविधिक सहायकों* को नियुक्ति पत्र दिए गए। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं में नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह दिखा। इनकी तैनाती से कृषि विभाग के फील्ड कार्यों में तेजी आएगी और किसानों तक शासन की योजनाओं व तकनीकी जानकारी की पहुंच और प्रभावी होगी।
*DM ने कहा - नौकरी नहीं, जनसेवा है*
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नवचयनितों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। कृषि प्रधान जनपद जालौन में प्राविधिक सहायकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सभी कर्मी किसानों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान से पेश आएं और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में युवा अपनी ऊर्जा और तकनीकी दक्षता का उपयोग करें।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी नवनियुक्त सहायकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Jalaun, Jalaun | Aug 25, 2026