*स्वामी ब्रह्मानन्द पुरस्कार 2026 से नवाजे गए असम के उत्तम टेरोन
*शिक्षा के क्षेत्र में असम के उत्तम टेरोन को मिलेगा स्वामी ब्रह्मानंद पुरूस्कार सम्मान*
*राठ (हमीरपुर)।* स्वामी ब्रह्मानन्द पुरस्कार समिति ने मंगलवार को वर्ष 2026 के पुरस्कार की घोषणा कर दी। यह पुरस्कार हर वर्ष स्वामी ब्रह्मानन्द जी के निर्वाण दिवस 13 सितम्बर को शिक्षा और गौ सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को दिया जाता है। इस वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में यह पुरस्कार *पारिजात अकादमी के संस्थापक उत्तम टेरोन, असम* को दिया जाएगा।
पुरस्कार समिति ने बताया कि पंजाबारी, गुवाहाटी निवासी प्राचुर्य बरूआ के प्रस्ताव पर शिक्षा में क्रांति लाने वाले उत्तम टेरोन का चयन किया गया है।
*2003 में 4 छात्रों से शुरू हुई यात्रा, आज 3000 बच्चों का भविष्य बदला*
उत्तम टेरोन की व्यक्तिगत पहल पर 2003 में पामोही में स्थापित पारिजात अकादमी ने केवल 4 छात्रों के साथ एक साधारण गौशाला में अपनी यात्रा शुरू की थी। पिछले दो दशकों में यह संस्था प्रतिवर्ष लगभग 500 सामाजिक-आर्थिक रूप से वंचित बच्चों को मुफ्त शिक्षा, आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सेवा और जीवन कौशल प्रशिक्षण दे रही है। अब तक लगभग 3000 वंचित बच्चों के जीवन पर अकादमी सकारात्मक प्रभाव डाल चुकी है।
अकादमी के अधिकांश विद्यार्थी गरभंगा आरक्षित वन के 15 से अधिक दूरस्थ गांवों से आते हैं, जो कार्बी, बोडो, गारो, खासी, नेपाली सहित कई स्वदेशी समुदायों के घर हैं। इन गांवों में बुनियादी ढांचे के अभाव को देखते हुए टेरोन ने वहां बालवाड़ी और प्राथमिक विद्यालय स्थापित किए, ताकि बच्चे अपने ही समुदाय में शिक्षा शुरू कर सकें। बाद में उन्हें पामोही स्थित मुख्य परिसर में निःशुल्क छात्रावास सहित सभी सुविधाएं दी जाती हैं।
इस पहल का परिणाम यह रहा कि जिन बच्चों की शिक्षा तक पहुंच नहीं थी, वे आज उच्च शिक्षा प्राप्त कर सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार हासिल कर रहे हैं और देश-विदेश में सफल करियर बना रहे हैं।
उत्तम टेरोन को पूर्व में पूर्वी भारत महिला संघ सामाजिक सेवा पुरस्कार (2009), सीएनएन-आईबीएन हीरोज पुरस्कार (2011) और कर्मयोगी पुरस्कार (2017) मिल चुका है।
*अब तक इनको मिल चुका है सम्मान*
समिति के अनुसार इससे पहले शिक्षाविद् डॉ. अरुण प्रकाश, सुपर-30 के आनंद कुमार, संत हरवंश सिंह निर्मल जैसलमेर, रणजीत यादव (खाकी वाले गुरुजी), खान सर पटना, फिफ्टी विलेजर्स के संस्थापक डॉ. भरत सारण बाड़मेर को यह पुरस्कार मिल चुका है।
*पुरस्कार स्वरूप* उत्तम टेरोन को सनद के साथ 10 हजार रुपये नगद, स्वामी ब्रह्मानन्द जी की कांस्य प्रतिमा, कांस्य पदक और अंगवस्त्र प्रदान किया जाएगा।
Jalaun, Jalaun | Aug 25, 2026