अवैध अल्ट्रासाउंड व जांच घरों पर प्रशासन का शिकंजा, तीन प्रतिष्ठान सील,
मधु अल्ट्रासाउंड, शिवम जांच घर और नारायण जांच घर पर कार्रवाई, कई अन्य प्रतिष्ठानों से मांगे गए कागजात,
शिवहर। जिले में नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों और जांच घरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिवहर शहर के विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं पैथोलॉजी/जांच घरों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक कागजात, पंजीकरण, लाइसेंस, चिकित्सकीय व्यवस्था सहित निर्धारित मानकों की जांच की गई। अनियमितता मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को तत्काल सील कर दिया गया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. आर. के. सिंह द्वारा गठित मेडिकल टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों से पंजीकरण एवं लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया। जांच में आवश्यक मानकों और कागजात से संबंधित अनियमितता पाए जाने के बाद मधु अल्ट्रासाउंड, शिवम जांच घर और नारायण जांच घर को सील कर दिया गया।
वहीं, अभियान के दौरान कई अन्य अल्ट्रासाउंड एवं जांच घरों में भी दस्तावेजों की जांच की गई। संबंधित संचालकों को अपने सभी आवश्यक कागजात एवं अभिलेख सक्षम प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में कागजात प्रस्तुत नहीं करने या जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बिना वैध पंजीकरण, आवश्यक अनुमति अथवा निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के विपरीत अल्ट्रासाउंड या जांच केंद्रों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी की जाएगी और अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी।
निरीक्षण एवं सीलिंग अभियान में डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. विभास कुमार, मृत्युंजय कुमार सहित अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान डायल-112 की पुलिस टीम ने भी आवश्यक सहयोग किया।
जिला प्रशासन ने सभी अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी और जांच केंद्र संचालकों से अपने प्रतिष्ठान से संबंधित पंजीकरण, लाइसेंस, अनुमति एवं अन्य आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने तथा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि जिले में यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#viralpost
#viral