ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा, समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि जिले को प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त हो सके।
बैठक में खेत तालाब, डगवेल, अमृत सरोवर, वाटरशेड कार्य, मरम्मत कार्य, स्टॉप डेम, वृक्षारोपण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, कुओं एवं कूप निर्माण सहित पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले सभी निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभागीय अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी,अपर कलेक्टर श्री जे. पी. यादव,अतिरिक्त सीईओ श्री पंकज जैन,एसडीएम डींडौरी सुश्री भारती मेरावी,बाजाग एसडीएम श्री अक्षय डीगरसे, आरईएस श्री लालित कुमार,समस्त सीईओ जनपद पंचायत,सहायक यंत्री,अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।
#अंजूपवनभदौरिया #डिंडौरी #JansamparkMP
13 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 6, 2026