मुख्यमंत्री जन आवास (शहरी) योजना की जिला कलक्टर ने की समीक्षा
बूंदी, 5 जून। मुख्यमंत्री जन आवास (शहरी) योजना के तहत गांधी ग्राम में स्थित आवासों के वर्तमान मौका स्थिति की जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी आवासों को पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास किए जाए। जिन भी लाभार्थियों द्वारा पूर्ण भुगतान कर दिया गया है, उनके संबंध में शेष बची कार्यवाही पूरी करते हुए उन्हें आवास का कब्जा दिलवाया जावे। उन्होंने कहा कि संवेदक की जिम्मेदारी तय करते हुए शेष बचे निर्माण कार्य को भी पूर्ण करवाने के लिए प्रयास कराए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि एनसीसीएफ के साथ कार्य योजना बनाकर प्राथमिकता के साथ कार्य को पूर्ण किया जावे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को राहत पहुंचाना है। लाभार्थियों को उनके आवास दिलवाने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आपसी समन्वय से कार्य किया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित पट्टों के प्रकरणों में वरीयता अनुसार सभी लंबित पट्टों का शीघ्र निस्तारण किया जावें।
बैठक में केडीए के सलाहकार संदीप दंडवत, नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय, नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता धर्मेन्द्र मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।