गैरतगंज जनपद के देवनगर में आयोजित किया गया वीबी-जी राम-जी योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम
–––
–––
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका संवर्धन तथा टिकाऊ ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम-जी का 02 जुलाई 2026 को प्रदेशव्यापी शुभारंभ हुआ। रायसेन जिले में जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम गैरतगंज जनपद की ग्राम पंचायत देवनगर में आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ सांची जनपद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना पोर्ते, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा वीबी-जी राम-जी योजना तथा उसके उद्देश्यों के बारे में आमजन को संबोधित किया।
जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी ने योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार की गारंटी देने के साथ गांवों में स्थायी विकास कार्य कराना है। योजना का क्रियान्वयन 60ः40 के अनुपात में होगा, यानी 60 फीसदी राशि केन्द्र सरकार और 40 फीसदी राशि प्रदेश सरकार द्वारा दी जाएगी। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक पात्र परिवार को एक वित्तीय वर्ष में कम से कम 125 दिन का अकुशल रोजगार मिलेगा। यह मनरेगा के 100 दिनों से अधिक है। कार्य करने वाले श्रमिकों को साप्ताहिक आधार पर भुगतान होगा। रोजगार के लिए आवेदन मौखिक, लिखित या डिजिटल माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदन ग्राम पंचायत, वार्ड सदस्य, कार्यक्रम अधिकारी या अधिकृत पोर्टल पर किया जा सकेगा। आवेदन की रसीद भी अनिवार्य रूप से मिलेगी।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जिस ग्रामीण परिवार का पंजीकरण होगा और जिसके वयस्क सदस्य का नाम रोजगार गारंटी कार्ड में दर्ज होगा, वही योजना के तहत कार्य कर सकेंगे। परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य आवेदन कर सकता है। योजना के तहत जल संरक्षण, ग्रामीण सड़कें, सिंचाई, आजीविका बढ़ाने वाले कार्य, मूलभूत ग्रामीण अधोसंरचना और जलवायु परिवर्तन से बचाव से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। इनका उद्देश्य गांवों की स्थायी संपत्ति तैयार करना है। योजना में जीपीएस, मोबाइल आधारित उपस्थिति, रियल-टाइम डेशबोर्ड आदि का उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी लगाकर तथा वीडियो क्लिप के माध्यम से भी ग्रामीणों को वीबी-जी राम-जी योजना की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएँ और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
1 views | Raisen, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026