प्रेस विज्ञप्ति
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल (मध्यप्रदेश)
दिनांक 05.11.2026
🔹 *थाना मुलताई पुलिस की अवैध गांजा खेती के विरुद्ध कार्रवाई*
🔹 *सब्जियों की फसल के बीच उगाए जा रहे गांजे के 26 किलो 50 ग्राम हरे पौधे जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार*
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के उद्देश्य से जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।
🔹इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे एवं एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में मुलताई पुलिस ने अवैध रूप से गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खेत से 26 किलो 50 ग्राम गांजे के हरे पौधे, अनुमानित कीमत 2 लाख 20 हजार रुपये, जप्त किए हैं।
🔹 *घटना का विवरण*
दिनांक 04 नवंबर 2026 को थाना मुलताई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बाड़ेगांव केकड़िया निवासी श्रीराम डोंगरदिये द्वारा अपने खेत में सब्जियों की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं।
🔹सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा थाना मुलताई पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस टीम द्वारा आरोपी श्रीराम पिता माणिक डोंगरदिये, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम बाड़ेगांव केकड़िया, थाना मुलताई, जिला बैतूल के घर के समीप स्थित खेत की तलाशी ली गई।
🔹तलाशी के दौरान खेत में लगी बैंगन एवं भिंडी की फसल के बीच गांजे के हरे पत्तों वाले पौधे उगे हुए पाए गए। विधिवत तौल करने पर कुल 26 किलो 50 ग्राम गांजे के हरे एवं नमीयुक्त पौधे पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2,20,000 रुपये आंकी गई।
🔹 *आरोपी की गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्रवाई*
पुलिस द्वारा अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने पर आरोपी श्रीराम पिता माणिक डोंगरदिये के विरुद्ध थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 913/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
🔹आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया गया। जप्त मादक पदार्थ को नियमानुसार जप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
🔹 *जप्त सामग्री एवं आरोपी का विवरण*
- जप्त सामग्री: 26 किलो 50 ग्राम गांजे के हरे पौधे।
- अनुमानित कीमत: 2,20,000 रुपये।
- गिरफ्तार आरोपी: श्रीराम पिता माणिक डोंगरदिये।
- उम्र: 50 वर्ष।
- निवासी: ग्राम बाड़ेगांव केकड़िया, थाना मुलताई, जिला बैतूल।
- अपराध क्रमांक: 913/26।
- धारा: 8/20 एनडीपीएस एक्ट।
🔹 *पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका*
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, उपनिरीक्षक नितिन उइके, प्रधान आरक्षक सोनू ठाकुर, आरक्षक अभिषेक वाडिवा, आरक्षक विवेक चौरे, आरक्षक मिथलेश, आरक्षक सत्येन्द्र पाल एवं आरक्षक सेवाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔹 *पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील*
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
🔹उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण, परिवहन अथवा बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।