➡️ युवा सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय आईटीआई में एआई पाठशाला एवं साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवाने के मार्गदर्शन में युवा सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत एआई की पाठशाला पहल के तहत जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी बैतूल द्वारा बैतूल के शासकीय आईटीआई में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एवं कन्या आईटीआई में दोपहर 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
कार्यशालाओं का संचालन श्री विवेक सूर्यवंशी, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस, श्री दिनेश पवार, प्रशिक्षक ई-दक्ष केंद्र, श्री मयूर कोहळे, सीनियर जीआईएस एग्जीक्यूटिव, सुश्री प्रियंका राने, सहायक ई-गवर्नेंस प्रबंधक, बैतूल एवं श्री महेश्वर भलावी, सहायक ई-गवर्नेंस प्रबंधक, चिचोली, श्रीमती ताप्ती पाटिल, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र एवं समस्त युवा सेतु टीम द्वारा किया गया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता, दैनिक जीवन एवं व्यावसायिक क्षेत्र में के बढ़ते उपयोग, विभिन्न टूल्स के व्यावहारिक प्रयोग तथा प्रभावी प्रॉम्प्ट लेखन की जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के अंतर्गत ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल भुगतान में सावधानियां, पासवर्ड सुरक्षा, फिशिंग एवं साइबर अपराधों की पहचान तथा उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को एआई टूल्स एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से भी प्रशिक्षित किया गया, जिससे वे आधुनिक तकनीक का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग कर सकें।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना, उनमें डिजिटल कौशल विकसित करना तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी द्वारा ‘युवा सेतु’ कार्यक्रम के अंतर्गत एआई की पाठशाला’ के माध्यम से जिले के विभिन्न शासकीय आईटीआई संस्थानों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026