#महिलाओं के हुनर को कारोबार बना रहा ‘किनारे’, स्वरोजगार के लिए दे रहा शुरुआती पूंजी और मार्गदर्शन
दो युवा महिलाओं ने शुरू की पहल, चार महिलाओं को मिला मंच; क्रोशिया, बुनाई और हर्बल मसाज ऑयल से बना रहीं अपनी पहचान
शिमला। महिलाओं के हाथों में हुनर है, लेकिन आर्थिक संसाधनों और सही मार्गदर्शन की कमी कई बार उनके सपनों को कारोबार में बदलने से रोक देती है। इसी चुनौती को दूर करने के उद्देश्य से दो युवा महिलाओं ने ‘किनारे’ पहल शुरू की है। इसके माध्यम से हुनरमंद महिलाओं को शुरुआती पूंजी, व्यवसाय संबंधी सलाह, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पहल की स्थापना देवांगना राणा (हार्वर्ड यूनिवर्सिटी) और अम्बरीना सूद (दिल्ली यूनिवर्सिटी) ने की है। दोनों का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा अवसर और संसाधन उपलब्ध करवाना है, जिससे वे अपने कौशल के दम पर छोटा व्यवसाय शुरू कर सकें और आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनें।
फिलहाल ‘किनारे’ चार महिलाओं के साथ काम कर रहा है। इनमें लक्ष्मी, प्रिया और सोनिया हाथ से बने क्रोशिया और बुनाई के उत्पाद तैयार कर रही हैं। वहीं, कागडू हर्बल मसाज ऑयल बनाती हैं। इस तेल का उपयोग दर्द से राहत और प्रसव के बाद मालिश के लिए किया जाता है।
हुनर को मिलेगा बाजार और पहचान
‘किनारे’ का प्रयास केवल महिलाओं को आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि उनके हुनर को टिकाऊ व्यवसाय में बदलने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध करवाना है। पहल से जुड़ी संस्थापकों का मानना है कि प्रत्येक महिला में आगे बढ़ने की क्षमता होती है। जरूरत केवल सही अवसर, पूंजी और मार्गदर्शन की है। उनका लक्ष्य महिलाओं को अपने फैसले स्वयं लेने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए सक्षम करना है।