निःशुल्क जेईई एवं नीट कोचिंग के विद्यार्थियों को बांटे गए बैग, टी-शर्ट और स्टडी मटेरियल
सहायक कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के टिप्स,
सिंगरौली, 6 अगस्त 2026। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न में एनटीपीसी विंध्याचल के नैगम सीएसआर विभाग के सहयोग से संचालित जेईई एवं नीट कोचिंग के छात्र-छात्राओं के लिए सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, एनटीपीसी विंध्याचल की सीएसआर प्रमुख रूमादेय शर्मा तथा श्री चैतन्या एकेडमी के सेंटर हेड श्री विकास सिंह परिहार की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यार्थियों को टी-शर्ट, बैग एवं स्टडी मटेरियल का वितरण किया गया।
जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल के तहत संचालित इस कोचिंग में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न एवं शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न के कुल 200 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। इसमें जेईई की तैयारी के लिए कक्षा 11वीं के 50 एवं 12वीं के 50 तथा नीट की तैयारी के लिए कक्षा 11वीं के 50 एवं 12वीं के 50 विद्यार्थी शामिल हैं।
विद्यार्थियों के गुणवत्तापूर्ण अध्यापन एवं मार्गदर्शन हेतु श्री चैतन्या एकेडमी के विषय विशेषज्ञों की टीम नियुक्त की गई है। इसमें रसायन शास्त्र के लिए श्रीमती दिव्यानी सुनील पवार, भौतिक शास्त्र के लिए श्री बृजेन्द्र चौहान, गणित के लिए श्री सच्चिदानंद तिवारी, वनस्पति विज्ञान के लिए श्री मनिष कुमार चौरसिया तथा जन्तु विज्ञान के लिए श्री अजीत सिंह द्वारा बच्चों को नियमित अध्यापन कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा ने कोचिंग के छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए तथा उनका मार्गदर्शन किया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी ने कोचिंग के सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोचिंग के सेंटर हेड श्री विकास सिंह परिहार, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री पी.एन. दुबे एवं वरिष्ठ शिक्षक श्री सी.पी. बैस को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
Jansampark Madhya Pradesh