#Balrampur ! टायर विवाद में थाने पहुंचे ट्रक मालिक की बिगड़ी तबीयत, रात में मौत
परिजन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पोस्टमार्टम में हृदय रोग से मौत की पुष्टि...
#बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र में ट्रक के टायर को लेकर हुए विवाद के बाद थाने पहुंचे 48 वर्षीय रंजीत सैनी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने परमजीत सिंह सरदार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हृदय रोग के चलते कार्डियोजेनिक शॉक बताया गया है। शव पर चोट के कोई जाहिरा निशान नहीं मिले।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेखुईनिया कला निवासी रंजीत सैनी के ट्रक बलरामपुर टोल के पास खड़े रहते थे। 20 अक्टूबर को परमजीत सिंह सरदार ने रंजीत पर अपने ट्रक का टायर बदल लेने का आरोप लगाया था। इसको लेकर फोन पर दोनों के बीच बातचीत हुई। रंजीत के चचेरे भाई पाटेश्वरी सैनी की तहरीर के मुताबिक, इस दौरान परमजीत ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही।
विवाद के संबंध में दोनों पक्षों को तुलसीपुर थाने बुलाया गया था। रंजीत थाने पहुंचे, जबकि दूसरा पक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसी दौरान रंजीत की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद परिजन उन्हें घर ले गए। रात करीब 10 बजे उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ी तो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हृदय रोग के कारण कार्डियोजेनिक शॉक को मौत की वजह बताया गया है।
#balrampur #balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Oct 23, 2026