गिद्धेश्वर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
जमुई: गिद्धेश्वर क्षेत्र को समग्र पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी ने वन प्रमंडल पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों के साथ गिद्धेश्वर क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी भू-दृश्य, जलस्रोतों, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने पर चर्चा हुई। प्रशासन की योजना गिद्धेश्वर को इको-टूरिज्म के साथ एडवेंचर टूरिज्म, ट्रेकिंग, व्यू-प्वाइंट और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं से विकसित करने की है।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने परासी पठार का भी भ्रमण किया। यहां की प्राकृतिक एवं भौगोलिक विशेषताओं को गिद्धेश्वर के व्यापक पर्यटन सर्किट से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
प्रशासन का उद्देश्य पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को सुरक्षित रखना है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चकाई भ्रमण के दौरान गिद्धेश्वर के विकास से संबंधित प्रस्ताव एक माह के भीतर तैयार कर भेजने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में यह निरीक्षण पर्यटन विकास की योजना तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Jamui, Jamui | Oct 9, 2026