🚨कॉर्बेट में महिलाओं को रोजगार का बड़ा मौका, 70 नई जिप्सियों को मिलेगा पंजीकरण; कालाढूंगी को मिनी स्टेडियम की सौगात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति सम्मान समारोह में 22 महिलाओं को किया सम्मानित, कालाढूंगी के विकास के लिए कीं छह बड़ी घोषणाएं
कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र के विकास को लेकर छह महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, स्थानीय अस्पताल का उच्चीकरण और क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित करना शामिल है।
इसके अलावा ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क निर्माण तथा गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। वहीं, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष स्थान दिया गया है। महिलाओं का वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब उन्हें समान अवसर मिलें और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को पूरा कर सकें। उत्तराखंड की महिलाओं ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद परिवार, खेती-किसानी, पशुपालन और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाते हुए प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया है।
उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि अपनी माता के संघर्ष, अनुशासन और मेहनत को करीब से देखने के कारण उन्हें हमेशा मातृशक्ति से प्रेरणा मिली है। पहाड़ की महिलाओं का हौसला और परिश्रम प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी पहल से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से ज्यादा ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं, साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस पहल से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
उन्होंने नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही महिला सुरक्षा और समान अधिकारों के लिए प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प जरूर पूरा होगा।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
Dehradun, Dehradun | Nov 15, 2026