लखीसराय में जनजातीय टोलों के विकास कार्यों की समीक्षा, पर्यटन से लेकर सड़क-पेयजल तक कई योजनाओं पर जोर
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में अनुसूचित जनजातीय टोलों के विकास से संबंधित 19 बिंदुओं पर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, मोबाइल नेटवर्क और खेल सुविधाओं सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में सूर्यगढ़ा प्रखंड के बरियारपुर पंचायत क्षेत्र को 'वैली ऑफ मेडिसिनल प्लांट्स' तथा पहाड़ों के बीच स्थित सतघरवा और महाजनवा गांवों को 'वैली ऑफ फ्लावर्स' के रूप में विकसित करने की योजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने जनजातीय क्षेत्रों में सोलर एवं स्ट्रीट लाइट लगाकर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी चौबे ने बताया कि चार पारंपरिक जनजातीय चिकित्सकों (ट्राइबल हीलर्स) की पहचान कर उनकी सूची राज्य सरकार को भेज दी गई है, जबकि अन्य की पहचान का कार्य जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि सात नए आयुष्मान आरोग्य केंद्रों की स्थापना के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। वहीं बीएसएनएल को चौरा राजपुर, सतघरवा, महाजनवा, श्रृंगी ऋषि धाम, मोरबे डैम सहित नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क विस्तार का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
ग्रामीण कार्य विभाग ने बताया कि लठिया भैरो टोला से चौरा राजपुर तक सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। वहीं चौरा राजपुर में खेल स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि चयन और मापी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पीएचईडी के अनुसार 32 गांवों में से 15 गांवों में पेयजल योजना पूरी हो चुकी है, 14 गांवों में कार्य प्रगति पर है, जबकि तीन गांवों के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। दुग्धम गांव में विद्युत सुविधा की स्थिति पर भी शीघ्र अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी चौबे, जिला खेल पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, पीएचईडी, जीविका तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।