खज्जियार में स्वच्छता का संदेश, जनभागीदारी से चला जिला स्तरीय अभियान
Tribal Live News
चम्बा, 1 अक्तूबर 2026।
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार में जिला स्तरीय जन स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित अभियान में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा सहित विभिन्न विभागों, पंचायती राज संस्थाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान खज्जियार पर्यटन स्थल तथा आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता एवं कचरा संग्रहण किया गया। प्रतिभागियों ने प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया तथा लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थलों को बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय, पर्यटकों और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से कचरे का उचित निस्तारण करने तथा खज्जियार की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने में सहयोग का आह्वान किया।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जियार के विद्यार्थियों से भी स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने और इसका संदेश परिवार व समुदाय तक पहुंचाने का आग्रह किया।
अभियान के दौरान “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” तथा “एक घंटा, एक साथ, एक दिन” जैसे संदेशों के माध्यम से जनभागीदारी का आह्वान किया गया।
अभियान में जीएसएसएस खज्जियार के विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम पंचायत खज्जियार के स्थानीय लोगों, माय भारत स्वयंसेवकों, आईसीडीएस विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा पोषण अभियान की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
जिला प्रशासन ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा, बीडीओ चम्बा महेश ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी धीरज कुमार, परियोजना अर्थशास्त्री विनोद मेहता, प्रधानाचार्य जीएसएसएस खज्जियार संदीप शर्मा, वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी प्रीतम सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनआरएलएम) राकेश भाटिया, ग्राम पंचायत प्रधान चित्र रेखा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
DC Chamba
#स्वच्छता_ही_सेवा_2026
#खज्जियार
#चंबा
#स्वच्छता_अभियान
#जनभागीदारी
#स्वच्छ_भारत
#विकसित_भारत
Chamba, Chamba | Oct 1, 2026