पेटलावद को मिली विकास कार्यों की सौगात, मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने किए करोड़ों रुपये के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को मिली गति
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने सोमवार को नगर परिषद पेटलावद में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगातें दीं। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण एवं जनहितकारी कार्यों का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान पम्पावती नदी पर तेजाजी मंदिर से फूटा मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य (लागत 481.49 लाख रुपये), अमृत 2.0 योजना अंतर्गत मुक्तिधाम में उद्यान निर्माण (लागत 14.54 लाख रुपये), वार्ड क्रमांक-8 में सामुदायिक भवन निर्माण (लागत 28.86 लाख रुपये) सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि पेटलावद क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक उनके परिवार का सदस्य है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहेगी और क्षेत्रवासियों को किसी भी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि जनहित और विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नवीन नवाचारों और योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को हरित एवं पर्यावरण समृद्ध बनाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने अपनी विधानसभा को प्रदेश की आदर्श विधानसभा बनाने के संकल्प को भी दोहराया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती ललिता योगेश गामड़, उपाध्यक्ष श्री किरण संजय कहार, जनपद अध्यक्ष श्री रमेश सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Jul 13, 2026