विदेशी पर्यटक ने बीकानेर को बताया भारत का सबसे गंदा शहर , सोशल मीडिया पोस्ट ने खड़े किए बड़े सवाल
बीकानेर। पर्यटन नगरी के रूप में अपनी पहचान रखने वाले बीकानेर की छवि पर एक विदेशी पर्यटक की सोशल मीडिया पोस्ट ने सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन महीनों तक भारत भ्रमण पर रही एक विदेशी महिला पर्यटक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए बीकानेर को अपने पूरे सफर का 'सबसे गंदा शहर' बताया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
महिला पर्यटक द्वारा साझा किए गए वीडियो में जो दृश्य दिखाई दे रहे हैं, वे प्रथम दृष्टया बीकानेर के फड़ बाजार क्षेत्र के प्रतीत होते हैं। वीडियो में बाजारों और सड़कों पर जगह-जगह फैला कूड़ा-कचरा नजर आ रहा है। पर्यटक ने अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि भारत बहुत विशाल देश है और उसने जितने भी शहर देखे, सभी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग महसूस हुए। उसने स्पष्ट किया कि यह बीकानेर में उसका व्यक्तिगत अनुभव था।
पर्यटक ने आगे लिखा कि जिन-जिन शहरों में वह गई, उनमें सबसे अधिक गंदा अनुभव उसे बीकानेर में हुआ। हालांकि उसने यह भी कहा कि संभव है इससे भी अधिक गंदे शहर हों, लेकिन वह वहां नहीं पहुंच पाई। इसके बावजूद बीकानेर को लेकर उसका अनुभव बेहद निराशाजनक रहा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट ने शहर की सफाई व्यवस्था और पर्यटन प्रबंधन को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है। बीकानेर को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने और देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन यदि यहां आने वाले पर्यटक अपने साथ ऐसी नकारात्मक छवि
लेकर लौट रहे हैं तो यह चिंता का विषय है।
यह मामला केवल नगर निगम की सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की समग्र छवि से भी जुड़ा हुआ है। पर्यटन किसी भी शहर की पहचान और अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार होता है। ऐसे में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों सभी को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है, ताकि बीकानेर की पहचान उसकी ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति और मेहमाननवाजी से बने, न कि गंदगी की वजह से।