Writing
पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान RO की तबीयत बिगड़ी, पुलिस ने CPR देकर बचाने का किया प्रयास, इलाज के दौरान मौत
चेचट क्षेत्र की कुकड़ा खुर्द ग्राम पंचायत में हुआ घटनाक्रम, मोड़क थाना पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया
कोटा। पंचायत चुनाव के दौरान चुनाव ड्यूटी पर तैनात रिटर्निंग अधिकारी (RO) की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। चेचट पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कुकड़ा खुर्द में तैनात रिटर्निंग अधिकारी सुरेश मीणा की तबीयत बिगड़ने पर मोड़क थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें CPR दिया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, चुनाव ड्यूटी के दौरान सुरेश मीणा की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें साइलेंट अटैक आने की सूचना पर मोड़क थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें पुलिस वाहन में बैठाया और CPR देते हुए मोड़क सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि मोड़क थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने और जीवन बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया।
इस दौरान एएसआई नरेश, कांस्टेबल चमन सिंह, जगदीश और संजय पुलिस टीम में शामिल रहे। पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय प्रयास के बावजूद रिटर्निंग अधिकारी सुरेश मीणा को बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
Ladpura, Kota | Oct 31, 2026