दीपावली पर ‘एकता मंच जामिद’ ने आयोजित किया प्रेरणा एवं आशीर्वाद समारोह, 43 विद्यार्थियों को किया सम्मानित
दीपावली पर ‘एकता मंच जामिद’ ने आयोजित किया प्रेरणा एवं आशीर्वाद समारोह, 43 विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सरकारी सेवाओं में योगदान दे रहे गांव के युवाओं का हुआ अभिनंदन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को दिया.
चक्रधरपुर : दीपावली के पावन अवसर पर गांव के युवाओं के संगठन ‘एकता मंच जामिद’ की ओर से पंचायत सचिवालय, जामिद में ‘प्रेरणा एवं आशीर्वाद समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव के विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा सरकारी एवं गैर सरकारी सेवाओं में कार्यरत गांव के युवाओं के अनुभवों से नई पीढ़ी को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी सेवाओं में पदस्थापित युवाओं को बैज पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन करने के साथ हुई।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में गांव के युवाओं ने सामूहिक पहल करते हुए पंचायत सचिवालय में एक अध्ययन केंद्र स्थापित किया था। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा एक साथ समूह में अध्ययन करते हुए एक-दूसरे को सहयोग प्रदान करते थे। इसी अध्ययन केंद्र के प्रथम बैच के छह अभ्यर्थी आज रेलवे, सेना सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस उपलब्धि के लिए धनराज महतो, हेमंत महतो, गोवर्धन महतो, सन्देश्वर महतो, खगेश महतो एवं गुरुदेव महतो को प्रशस्ति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, गांव के सामाजिक कार्यों में निरंतर बढ़-चढ़कर सहयोग देने वाले परशुराम महतो, रितुन महतो, सुमित महतो, पारदुम महतो, शिवो महतो, बनमाली महतो, प्रदीप महतो, प्रवीण महतो एवं सुशील तांती को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे कुल 43 विद्यार्थियों को भी डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें बीटेक के 1, स्नातकोत्तर (पीजी) के 4, स्नातक (यूजी) के 7, आईटीआई के 10 तथा 11वीं एवं 12वीं कक्षा के 21 विद्यार्थी शामिल हैं। सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन, जमशेदपुर शाखा के सचिव छोटेलाल महतो ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत के साथ अपनी तैयारी जारी रखें। उनकी तैयारी के हर मोर्चे पर सहयोग करने के लिए सभी सदैव तत्पर रहेंगे।
ग्रामीण सामाजिक कार्यकर्ता लखीराम मुंडारी ने कहा कि सभी युवाओं को मिलकर ऐसा प्रयास करना चाहिए, जिससे जामिद गांव का नाम पूरे भारतवर्ष में रोशन हो।
मुख्य आयोजनकर्ता एवं चक्रधरपुर रेल मंडल में कार्यरत सच्चिदानंद महतो ने कहा कि सरकारी सेवाओं तक पहुंचने के लिए तैयारी के प्रत्येक स्तर पर ‘एकता मंच जामिद’ विद्यार्थियों को पूरा सहयोग करेगा। वहीं, टाटा स्टील में कार्यरत कुलदीप महतो ने कहा कि यही समय अपनी ऊर्जा को सही दिशा देने का है। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि मार्गदर्शक के रूप में वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।
गांव के शिक्षाविद लक्ष्मीकांत महतो ने शिक्षा के साथ-साथ पूर्वजों की संस्कृति को संरक्षित रखने और अपनी मिट्टी से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कृति के समन्वय से ही ग्रामीण विकास का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सच्चिदानंद महतो, छोटेलाल महतो, लखीराम मुंडारी, कुलदीप महतो, मनोरंजन महतो, विकास महतो, श्याम सुंदर महतो, परशुराम महतो, निरंजन महतो, सुमित महतो, रितुन महतो, सुशील तांती, त्रिनाथ महतो, जेना महतो, भुवनेश्वर महतो, कपिलदेव महतो, प्रदीप महतो, चितरंजन महतो एवं मिथिलेश महतो सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह ने गांव में शिक्षा, एकता, सामाजिक सहयोग और युवा शक्ति के माध्यम से सामूहिक विकास का प्रेरणादायक संदेश दिया।